जिले के अंतिम छोर तक पहुंची प्रशासनिक टीम

कलेक्टर और सीईओ ने एडजूम, ओरछा और बड़े टोण्डाबेड़ा में किया औचक निरीक्षण…
नारायणपुर, 22 सितंबर।
जिले के दूरस्थ और आदिवासी बहुल अंचलों तक शासकीय योजनाओं की स्थिति और शिक्षा-सुविधाओं का जायजा लेने सोमवार को कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं और जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो ने एडजूम, ओरछा और बड़े टोण्डाबेड़ा गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों, छात्रावासों, आंगनबाड़ी केंद्र और निर्माणाधीन भवनों का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को कई निर्देश दिए।

ओरछा आश्रम और निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण
कलेक्टर और सीईओ सबसे पहले ओरछा पहुंचे। यहां उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। छात्रावास परिसर में साफ-सफाई, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं और भंडारण सामग्री की स्थिति की बारीकी से जांच की।
कलेक्टर ने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। बच्चों ने इस मौके पर खेल मैदान और अतिरिक्त शिक्षक की मांग रखी।
इसके बाद प्रशासनिक टीम ने निर्माणाधीन स्कूल भवन और जनपद कार्यालय का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने ठेकेदार को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद सीईओ को कहा कि स्वीकृत निर्माण कार्य समयसीमा में पूरे हों।

बाइक से पहुंचे बड़े टोण्डाबेड़ा
ओरछा से लौटकर कलेक्टर और सीईओ बाइक पर सवार होकर बड़े टोण्डाबेड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने बालक छात्रावास और विद्यालय का निरीक्षण किया। छात्रावास अधीक्षक से बच्चों की उपस्थिति, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान कक्षा दूसरी और तीसरी के बच्चों ने कविता और पाहाड़ा सुनाकर कलेक्टर को प्रभावित किया। वहीं चौथी-पांचवीं के बच्चों से परीक्षा संबंधी सवाल पूछे गए। बच्चों ने कलेक्टर से खेल मैदान, शौचालय और बाउंड्रीवॉल की मांग भी रखी।

आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति परखी
कलेक्टर ममगाईं ने बड़े टोण्डाबेड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सहायिका से पौष्टिक आहार, रसोई व्यवस्था, खिलौनों और शौचालय की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी अंचलों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और पोषण उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है।

एडजूम सुरक्षा कैम्प का भी किया अवलोकन
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर और सीईओ ने जिले के अंतिम छोर पर स्थापित नवीन सुरक्षा कैम्प एडजूम का भी अवलोकन किया।

इस मौके पर तहसीलदार कोहकामेटा डॉ. एजाज हाशमी, प्रभारी तहसीलदार ओरछा विजय साहू और जनपद सीईओ लोकेश चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




