नारायणपुर

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर क्विज प्रतियोगिता

स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय नारायणपुर में छात्रों ने अंतरिक्ष मिशनों पर दिखाई रुचि

नारायणपुर। शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर के ग्रंथालय विभाग द्वारा द्वितीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर ‘‘अंतरिक्ष मिशन’’ विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में इसरो, मिशन ऑक्सीओम, सुनीता विलियम्स, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, इसरो की स्थापना एवं वर्तमान अध्यक्ष समेत कुल 15 प्रश्न पूछे गए।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.आर. कुंजाम ने कहा कि भारत आज अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में पूरी दुनिया में अपना परचम लहरा रहा है। उन्होंने बताया कि इसरो और भारतीय वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर ही देश लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

लाइब्रेरियन संजय कुमार ने बताया कि 23 अगस्त 2023 को भारत ने चंद्रयान-3 मिशन के माध्यम से चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रचते हुए पहला देश बना। इसी उपलब्धि को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने इस दिन को ‘‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’’ घोषित किया था। इस वर्ष की थीम ‘‘आर्यभट्ट से गगनयान : प्राचीन ज्ञान से अनंत संभावनाओं तक’’ रखी गई है।

उन्होंने कहा कि क्विज प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों, मिशन ऑक्सीओम और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की सफलता से अवगत कराना है। साथ ही उन महान वैज्ञानिकों को सम्मान देना है जिनके अथक परिश्रम से भारत अंतरिक्ष अन्वेषण में निरंतर सफलता प्राप्त कर रहा है।

इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक बी.डी. चांडक ने कहा कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस, भारत की ऐतिहासिक उपलब्धियों का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में कैरियर बनाने की भी प्रेरणा दी।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन अतिथि व्याख्याता डॉ. मीनाक्षी ठाकुर, डॉ. वंदना, डॉ. विजय लाल तिवारी, डॉ. हरिशंकर, जसमान ब्रजेश, नेताम, प्रीति पटेल, गिरधर, महेश कुमार लादेकर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, बुक लिफ्टर मेष राम ठाकुर, डेटा एंट्री ऑपरेटर रजनू मंडावी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page