भारी बारिश में भी NHM कर्मचारियों का प्रदर्शन, बुधवारी बाजार में नुक्कड़ नाटक से सरकार पर साधा निशाना

नारायणपुर। प्रदेशभर में चल रहा NHM कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन बुधवार को 10वें दिन भी जारी रहा। नारायणपुर जिला मुख्यालय के बुधवारी बाजार चौक में कर्मचारियों ने भारी बारिश के बावजूद धरना-प्रदर्शन किया और नुक्कड़ नाटक के जरिए अपनी मांगों को जनता के सामने रखा।

नाटक के दौरान कर्मचारियों ने बताया कि वे वर्षों से अस्थायी आधार पर कम वेतन में काम कर रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले इन कर्मचारियों को अब तक न तो स्थायीकरण मिला और न ही समान कार्य के लिए समान वेतन। कर्मचारियों का कहना था कि सरकार बार-बार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है, जिससे उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा है।

जनता ने दिया समर्थन
इस दौरान स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद रहे और कर्मचारियों की मांगों को पूरी तरह जायज ठहराया। लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा दारोमदार NHM कर्मचारियों पर है, ऐसे में उनके साथ अन्याय होना पूरे जनमानस के साथ अन्याय है।
प्रदेशभर में आंदोलन को मिल रहा जनसमर्थन
कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन केवल नारायणपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में व्यापक स्तर पर चल रहा है। हर जिले में कर्मचारियों को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।




