नारायणपुर में साइबर पुलिस का जागरूकता अभियान

कस्तुरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी
नारायणपुर | 23 अगस्त
नारायणपुर साइबर पुलिस टीम ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ‘‘साइबर जागरूकता अभियान’’ चलाते हुए शनिवार को कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बंगलापारा में छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। इस दौरान 120 छात्राओं और 10 शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी, शिक्षा ऋण ठगी, फर्जी कॉल, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड समेत विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया गया।

पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय कुमार साबद्रा (भा.पु.से.) एवं सुशील कुमार नायक (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान को उप पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत देवांगन, निरीक्षक विनीत दुबे, उनकी टीम और साइबर वॉलिंटियर ने विद्यालय पहुंचकर आगे बढ़ाया।
विद्यालय परिसर में साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु पोस्टर, बैनर और प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुति दी गई। इसमें छात्राओं को किसान क्रेडिट कार्ड फ्रॉड, ऑनलाइन लोन फ्रॉड, पेमेंट ऐप फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड जैसे मामलों से बचने के सरल उपाय समझाए गए। छात्राओं ने सवाल-जवाब सत्र में सक्रिय भागीदारी कर अपनी शंकाओं का समाधान पाया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है या फिर www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराना संभव है।
अधिकारियों ने अपील की कि हर नागरिक अपने आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें, ताकि समाज को इन ठगी और धोखाधड़ी से बचाया जा सके।



