नारायणपुर पुलिस की बड़ी सफलता : हथियार-विस्फोटक बरामद, एक माओवादी गिरफ्तार

नारायणपुर पुलिस की बड़ी सफलता : हथियार-विस्फोटक बरामद, एक माओवादी गिरफ्तार…
नारायणपुर। नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार को जिला पुलिस बल, डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त कार्रवाई में एक सक्रिय माओवादी नक्सली गिरफ्तार किया गया। साथ ही, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई।

जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त 2025 को पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया (भा.पु.से.) के आदेश पर एवं 38वीं वाहिनी आईटीबीपी के सेनानी रोशन सिंह ओसवाल के मार्गदर्शन में थाना ओरछा क्षेत्रांतर्गत ग्राम दुर्गीन-मरकाबेड़ा जंगल-पहाड़ क्षेत्र में डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने एरिया डोमिनेशन/CASO ऑपरेशन चलाया।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को छिपने का प्रयास करते देखा। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मड्डा कुहडाम पिता लखमु कुहडाम निवासी ईदवाया, वर्तमान पता भटबेड़ा बताया। आरोपी ने कबूल किया कि वह वर्ष 2019 से अप्रैल 2025 तक भटबेड़ा मिलिशिया कमांडर के रूप में सक्रिय था और प्रतिबंधित माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ है।
उसने खुलासा किया कि वह क्षेत्र में पुलिस बल की गतिविधियों पर नज़र रखने, आने-जाने वाले मार्गों की रेकी करने और आईईडी लगाने का कार्य करता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नक्सली कमांडरों दीपक, रामदास, सगनू, राकेश के निर्देशन में काम करता रहा है। गिरफ्तारी के समय भी वह अपने साथियों के साथ मिलकर सुरक्षा बलों को नुकसान पहुँचाने की योजना बना रहा था।
संदेही की निशानदेही पर पुलिस बल ने जंगल क्षेत्र की तलाशी ली, जहां छिपाए गए हथियार और विस्फोटक बरामद हुए।
बरामद सामग्री इस प्रकार है –
- बीजीएल 01 नग (लकड़ी का फोरहेण्ड गार्ड व सिलिंग सहित)
- 05 नग बीजीएल सेल एवं 05 नग बीजीएल गोली
- 12 बोर बंदूक 01 नग एवं 06 नग गोली
- भरमार बंदूक 01 नग
- डेटोनेटर 01 नग (सफेद वायर सहित)
- 01 प्लास्टिक डिब्बा (करीब 100 ग्राम बारूद भरा हुआ)
- 02 नग पोच
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मड्डा कुहडाम पूर्व में भी आईईडी लगाने की घटनाओं में शामिल रहा है। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190 एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध क्रमांक 10/2025 दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नक्सलियों के विरुद्ध इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि क्षेत्र को नक्सल हिंसा से मुक्त कर आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।




