
स्थानीय भर्ती लागू करने NSUI ने उप मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
नारायणपुर, 10 अगस्त 2025। “चुनाव में वादा किया, अब निभाना होगा!” इसी नारे के साथ नारायणपुर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। एक दिवसीय नारायणपुर प्रवास पर आए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को महासचिव खेलेंद्र सोरी के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय भर्ती का वादा तुरंत पूरा नहीं किया गया, तो नारायणपुर के युवा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे।
वादाख़िलाफी का आरोप
NSUI ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक केदार कश्यप ने चुनावी घोषणा पत्र में स्थानीय भर्ती का वादा किया था, लेकिन दो साल बीतने के बाद भी कोई ठोस योजना लागू नहीं हुई। महासचिव खेलेंद्र सोरी ने कहा—
“विधायक अपने क्षेत्र के युवाओं के लिए खड़े हों। अब चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए।”
उन्होंने बताया कि अबूझमाड़ के युवा प्राथमिकता न मिलने के कारण दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं।
दुर्ग की घटना का उदाहरण
संगठन ने हाल की एक घटना का हवाला देते हुए कहा कि दुर्ग में आगरा काम करने जा रही एक युवती को बजरंग दल के युवाओं ने रोका। युवती ने बताया कि वह अपनी मर्जी से दो ननों के साथ रोजगार की तलाश में जा रही थी। यह घटना बेरोज़गारी की गंभीर स्थिति को दर्शाती है।
कार्यक्रम में राहुल मांडवी, रामसू पोटाई, सोशल मीडिया प्रभारी गणेश सोढ़ी, रोहित, बिस्मा दुग्गा, किसालय देवांगन, कृष्णा देवांगन, पवन नाग, तरुण सिन्हा, राजकुमार, आदित्य मॉल, बाबू, महेश पोयम, सचिन देवांगन, देवी, मनोज, जीवन दुग्गा सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अबूझमाड़ में बेरोज़गारी का संकट
नारायणपुर और अबूझमाड़ में सरकारी नौकरियों के अवसर बेहद सीमित हैं। स्थानीय भर्ती नीति के अभाव में युवाओं को या तो दिहाड़ी मजदूरी करनी पड़ती है या फिर दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। NSUI का कहना है कि यदि भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए, तो पलायन और बेरोज़गारी दोनों पर अंकुश लगेगा।
NSUI की मांगें
- स्थानीय भर्ती नीति तुरंत लागू हो
- अबूझमाड़ और नारायणपुर के युवाओं को प्राथमिकता मिले
- जिला स्तर पर भर्ती कैंप आयोजित किए जाएं
- सरकारी विभागों में खाली पद शीघ्र भरे जाएं




