नारायणपुर

अब विकास की नई उड़ान भरेगा नारायणपुर : इंद्र प्रसाद बघेल

चौक सौंदर्यीकरण, वृहत लाइब्रेरी व बंधुआ तालाब के विकास से बदलेगा नगर का स्वरूप

नारायणपुर। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल ने कहा कि नारायणपुर अब विकास की नई उड़ान भरने को तैयार है। नगर की पहचान बदलने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। आने वाले समय में नगर न केवल आधुनिक स्वरूप लेगा, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और पर्यटन की दिशा में भी मजबूती से कदम बढ़ाएगा।

बघेल ने बताया कि नगर में चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी गई है। प्रमुख स्थलों को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा ताकि नगर की पहली छवि ही साफ-सुथरी और प्रभावशाली दिखे। वहीं, नगर के बीचोंबीच स्थित ऐतिहासिक बंधुआ तालाब का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। तालाब को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए लाइटिंग, फव्वारे, हरित क्षेत्र और बैठने की उत्तम व्यवस्था तैयार की जाएगी।

नगर के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए वृहद और अत्याधुनिक पुस्तकालय की स्थापना भी प्रस्तावित है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस लाइब्रेरी में शांत वातावरण के साथ डिजिटल संसाधन भी उपलब्ध रहेंगे। बघेल का कहना है कि यह पहल नगर को शैक्षणिक दृष्टि से नई पहचान दिलाएगी।

नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि इन योजनाओं को मूर्त रूप देने में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप की सक्रिय भूमिका है। उनके मार्गदर्शन में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

बघेल ने कहा कि नगर की छवि बदलने की दिशा में यह प्रयास सुशासन और जवाबदेही की भावना से किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा किया जा सके। उन्होंने नगरवासियों से आह्वान किया कि वे भी इस मुहिम में सक्रिय सहयोग दें।

“यह नगर हम सबका है। यदि हम मिलकर प्रयास करें तो नारायणपुर को स्वच्छ, सुंदर और उन्नत बना सकते हैं,” — इंद्र प्रसाद बघेल

नगर के विकास की इन योजनाओं के मूर्त रूप लेने के बाद नारायणपुर न केवल नए कीर्तिमान स्थापित करेगा, बल्कि अपने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्वरूप को संजोते हुए आधुनिकता की दिशा में भी मजबूती से आगे बढ़ेगा।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page