अबूझमाड़ के शब्बीर वड्डे का एमबीबीएस में चयन

कलेक्टर ने दी बधाई, जिले के लिए गर्व का क्षण
नारायणपुर। अबूझमाड़ के दुर्गम अंचल से निकलकर शब्बीर वड्डे ने नई मिसाल कायम की है। विकासखंड ओरछा के ग्राम हिकोनार निवासी शब्बीर का चयन रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में हुआ है। इस सफलता पर सोमवार को कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

शब्बीर बचपन से ही डॉक्टर बनने का सपना देखते थे। आर्थिक तंगी और नक्सल प्रभावित क्षेत्र की कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने देवगांव स्थित पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय से पूरी की। विद्यालय की अधीक्षक रंजीता नाग ने उन्हें पुत्रवत सहयोग दिया और पढ़ाई के लिए संबल बनीं।
जिला प्रशासन की ‘परियना कोचिंग’ से शब्बीर को बेहतर मार्गदर्शन मिला। ग्यारहवीं और बारहवीं की पढ़ाई पूरी निष्ठा से कर उन्होंने नीट परीक्षा में सफलता अर्जित की। वर्ष 2024 में जापान की साकुरा विज्ञान तकनीक यात्रा में शामिल होने का अवसर भी उन्हें मिला, जिसने उनके विचारों को और व्यापक बनाया।
कलेक्टर ममगाईं ने कहा कि शब्बीर की सफलता अबूझमाड़ के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणादायी है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल सहित संस्था के कर्मचारी मौजूद रहे।
शब्बीर की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण है।




