शिक्षक रुद्रसेन भोयर के जन्मदिन पर हुआ सामूहिक भोज और अभिनंदन समारोह

ग्राम पंचायत हलामी मुंजमेटा की सरपंच, शाला प्रबंधन समिति और ग्रामीणों ने दी शुभकामनाएं
मरकाबेड़ा (नारायणपुर), 25 जुलाई 2025 //
प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला मरकाबेड़ा में पदस्थ शिक्षक रुद्रसेन भोयर के जन्मदिन के अवसर पर शाला परिसर में हर्षोल्लास के साथ सामूहिक भोज एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण, शाला प्रबंधन समिति, स्वसहायता समूह की महिलाओं और ग्राम पंचायत हलामी मुंजमेटा की सरपंच सहित ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह की शुरुआत रुद्रसेन भोयर के अभिनंदन एवं शुभकामनाओं के साथ हुई। इस अवसर पर बच्चों और ग्रामीणों को स्वादिष्ट नेवता भोज परोसा गया, जिसे सभी ने प्रसन्नता से स्वीकार किया। कार्यक्रम में सरपंच प्रमीला सलाम ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “एक शिक्षक का जन्मदिन केवल उनका निजी उत्सव नहीं होता, बल्कि यह पूरे समाज के लिए प्रेरणा का अवसर होता है।”

शाला परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक अमरसिंह नाग ने रुद्रसेन भोयर के शैक्षणिक योगदान की सराहना की और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि भोयर न केवल एक कुशल शिक्षक हैं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयासरत रहते हैं।
कार्यक्रम में शाला परिवार के सदस्य – सविता मरावी, चित्रलेखा तिवारी, दुर्योधन भोयर, सुमनलता मांझी, महेन्द्र मांझी, रीता भगत – ने भी अपनी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई। ग्राम के वरिष्ठ नागरिक बोरगू राम वड्डे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रसनी वड्डे, स्वसहायता समूह की अध्यक्ष आयते वड्डे और उपाध्यक्ष गिंजाय मंडावी सहित अनेक ग्रामीणों ने शुभकामनाएं दीं।
रुद्रसेन भोयर ने सभी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा, “यह स्नेह और सम्मान मेरे लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। मैं सदैव प्रयास करूंगा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकूं और समाज के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करता रहूं।”
कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों और ग्रामवासियों ने सहभागिता की और उत्सव का आनंद लिया।
यह आयोजन न केवल एक शिक्षक के प्रति सम्मान और स्नेह का प्रतीक रहा, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज की सामूहिक प्रतिबद्धता और भागीदारी का भी प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।




