नारायणपुर

नवयुवाओं में दिखा लोकतंत्र के प्रति उत्साह, छात्र-छात्राओं ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने किए आवेदन

स्वामी आत्मानंद कॉलेज में लगा एक दिवसीय शिविर, विद्यार्थियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

नारायणपुर, 16 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं कलेक्टर तथा जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश पर शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणपुर में बुधवार को मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) के तहत एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 18 से 19 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके नवमतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु प्रेरित किया गया।

शिविर का आयोजन स्वीप नोडल अधिकारी प्रो. बी.डी. चांडक की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर सहायक समन्वयक श्री अरुण कुमार शुक्ल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग का लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेना देश के भविष्य को मजबूत करता है।

प्रो. चांडक ने ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से उपस्थित छात्र-छात्राओं को मतदाता पोर्टल पर पंजीकरण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कॉलेज में कैंपस एम्बेसडर कु. वंदना कमेटी एवं परमेश्वर वाल्मीकि द्वारा प्रतिदिन दोपहर 3 से 4 बजे कक्ष क्रमांक 8 में इच्छुक विद्यार्थियों को फॉर्म भरने व दस्तावेजों की तैयारी में सहयोग प्रदान किया जाएगा।

शिविर में उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों श्री सुखनाथ ध्रुव एवं श्री सुरेश कुमार उइके ने फॉर्म-6 व अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ मोबाइल के माध्यम से वोटर पोर्टल पर खाता बनाकर पंजीयन प्रक्रिया पूरी की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी ने यह दर्शाया कि आने वाली पीढ़ी अपने मताधिकार के प्रति सजग और जागरूक है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page