नारायणपुर

जादू-टोने के शक में खौफनाक हत्या : नारायणपुर में गर्दन काटकर की गई चंदर उसेंडी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

धनोरा थाना क्षेत्र के हिपकुल्ला गांव में आपसी रंजिश का खौफनाक अंजाम, पुनीत उसेंडी ने धारदार हथियार से की वारदात…

नारायणपुर।
धनोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हिपकुल्ला में जादू-टोना के संदेह और आपसी रंजिश ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। 28 जून 2025 की शाम लगभग 6 बजे, पुनीत उसेंडी नामक व्यक्ति ने अपने ही गांव के चंदर उसेंडी की गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के पीछे की वजह जादू-टोना का शक और पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पुनीत उसेंडी की बेटी की मृत्यु के बाद से वह चंदर उसेंडी पर जादू-टोना से मारने का आरोप लगाता रहा था। इससे पहले भी दोनों के बीच कई बार कहासुनी और झगड़ा हो चुका था। कुछ महीने पूर्व आरोपी ने चंदर को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

घटना वाले दिन दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद आरोपी ने आपा खो दिया और चंदर के घर में घुसकर धारदार हथियार से उसकी गर्दन काट दी। मौके पर ही चंदर उसेंडी की मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना धनोरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही करते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस ने प्रकरण को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध क्रमांक 03/2025 दिनांक 29-06-2025 को दर्ज करते हुए विवेचना में लिया।

नारायणपुर पुलिस की तत्परता से आरोपी पुनीत उसेंडी को घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया गया। उसे माननीय न्यायालय के आदेशानुसार उप जेल नारायणपुर भेज दिया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अंधविश्वास एवं सामाजिक कुरीतियों के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page