नारायणपुर

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत 11 जुलाई को होगा वृहद वृक्षारोपण

हर आवास – हरित आवास की दिशा में उठाया जाएगा पर्यावरणीय संकल्प

नारायणपुर, 08 जुलाई।
पर्यावरण संरक्षण और भावनात्मक जुड़ाव को एक नई दिशा देने के उद्देश्य से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत 11 जुलाई को जिले में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत चयनित 5000 हितग्राहियों की भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा। पौधे श्रमदान और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से रोपे जाएंगे।

इस अभियान को लेकर वन विभाग, उद्यानिकी विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि महाविद्यालय की मनरेगा से स्वीकृत नर्सरियों से पौधों की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामवासियों, स्व-सहायता समूहों और विद्यालयों के विद्यार्थियों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

प्रकृति और भावनाओं का अद्भुत संगम

“एक पेड़ माँ के नाम” केवल एक वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति श्रद्धा का भावनात्मक प्रतीक है। हर लगाए जाने वाले पौधे को माँ के नाम समर्पित कर इसे पर्यावरणीय जागरूकता और आत्मीयता का पर्व बनाया जा रहा है।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने बताया कि यह अभियान जिले के लिए एक हरित क्रांति की शुरुआत है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की है कि इस पुनीत कार्य में सहभागी बनकर इसे जन-आंदोलन का रूप दें।

आजीविका और हरियाली – दोनों को मिलेगी मजबूती

इस अभियान के माध्यम से न केवल पर्यावरणीय संतुलन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि हर आवास को हरित परिवेश में ढालने की दिशा में भी यह एक बड़ा कदम होगा। साथ ही, यह अभियान ग्रामीण आजीविका को मजबूती प्रदान करने वाला भी साबित होगा, क्योंकि पौधों की देखरेख और संरक्षण के लिए स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ा जाएगा।

“हर आवास – हरित आवास” और “एक पेड़ माँ के नाम” जैसे संकल्पों को साकार करने के लिए नारायणपुर प्रशासन प्रतिबद्ध है, और इस आयोजन को जिले के पर्यावरणीय इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page