पहुंचविहीन गांवों कोगाली और वाडापेन्दा में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न

ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच के साथ दी गई जागरूकता की जानकारी…

नारायणपुर, 11 जून। पहुंचविहीन गांवों कोगाली और वाडापेन्दा में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर सम्पन्नजिले के सुदूर और पहुंचविहीन ग्रामों कोगाली और वाडापेन्दा में दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

स्वास्थ्य शिविर में कुल 106 लोगों की ओपीडी जांच की गई। इसी के साथ 106 मलेरिया टेस्ट किए गए, जिनमें 7 मरीज पॉजिटिव पाए गए। इसके अलावा 1 बीपी, 2 शुगर, 55 हीमोग्लोबिन, और 6 टीबी संदिग्ध मरीजों की जांच की गई। एक महिला में हीमोग्लोबिन की कमी पाई गई, वहीं 2 गर्भवती माताओं की विशेष काउंसलिंग की गई।

त्वचा रोगों की समस्या को देखते हुए 26 मरीजों का दाद, खाज, खुजली का इलाज किया गया। साथ ही 5 लोगों का नेत्र परीक्षण भी किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना के लाभ, स्वच्छता के महत्व और सुरक्षित प्रसव के लिए पीएचसी अथवा हेल्थ वेलनेस सेंटर में डिलीवरी की सलाह दी। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को होम डिलीवरी से होने वाले जोखिमों की जानकारी दी गई और नियमित जांच की आवश्यकता को समझाया गया।
डॉ. निलेश नागेश (पीएससी प्रभारी), सतीश उसेंडी एवं मदन शोरी (आरबीएसके फार्मासिस्ट), नूतन कश्यप (आरएचओ झारावाही), नकुल पोटाई (आरएचओ वाडापेन्दा), स्वास्थ्य साथी सोमलु कश्यप, तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कमलेश कुमार नाग और ओकेश्वरी मांझी ने शिविर में सक्रिय भागीदारी निभाई।
ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए ऐसे प्रयासों को जीवन के लिए बेहद जरूरी बताया। स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की बात कही है, ताकि दूर-दराज के गांवों में भी स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर पहुंचती रहें।




