नारायणपुर

नक्सली मंसूबों पर फिरा पानी : IED ब्लास्ट में शामिल नक्सल सहयोगी गिरफ्तार

कोहकामेटा थाना क्षेत्र में DRG व पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 2025 के ब्लास्ट का था मुख्य आरोपी…

नारायणपुर, 13 जून 2025।
जिला नारायणपुर के कोहकामेटा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राम जड्‌डा–मरकुड के पहाड़ी पगडंडी मार्ग पर सुरक्षा बल को नुकसान पहुंचाने की नीयत से लगाए गए IED विस्फोट की घटना में शामिल नक्सल सहयोगी मंगतू राम उसेंडी को कोहकामेटा पुलिस एवं डीआरजी बल ने धर दबोचा है।

यह वही घटना है जिसमें IED की चपेट में आकर एक ग्रामीण की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल हुआ था। पकड़ा गया आरोपी विगत तीन वर्षों से कुतुल एरिया कमेटी के करकाबेड़ा सीएनएम कमांडर के रूप में सक्रिय था।

🔸 मुखबिर की सूचना से हुई गिरफ्तारी

पुलिस द्वारा लगातार मामले की जांच की जा रही थी, इसी दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में संलिप्त व्यक्ति नारायणपुर क्षेत्र में देखा गया है। तत्पश्चात त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मंगतू राम उसेंडी पिता स्व. राजू उसेंडी उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम करकाबेड़ा थाना कोहकामेटा बताया और IED लगाने में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

🔸 मानव बम जाल में गंवाई गई थी ग्रामीण की जान

गौरतलब है कि 5 अप्रैल 2025 को ग्राम जड्‌डा–मरकुड पहाड़ी मार्ग पर नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए IED बम प्लांट किया था। दुर्भाग्यवश इस बम की चपेट में एक ग्रामीण आ गया जिसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया।

🔸 नक्सल विचारधारा का था प्रचारक, IED लगाने व रेकी में रहा शामिल

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 2022 से कुतुल एरिया कमेटी नक्सली संगठन में बतौर सीएनएम कमांडर कार्य कर रहा था। उसका कार्य गांव के युवाओं को नक्सलवादी विचारधारा से जोड़ना, पुलिस की गतिविधियों की रेकी करना, और संगठन के निर्देश पर IED ब्लास्ट की घटनाओं को अंजाम देना था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अरुण, रतन, वेशु, नरेश, विजय व अन्य नक्सलियों के साथ मिलकर उक्त बम विस्फोट की योजना में शामिल रहा।

🔸 पुलिस ने किया विधिवत गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

कोहकामेटा थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 09/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190, 109, 103 तथा आर्म्स एक्ट व यूएपीए की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है

गिरफ्तार आरोपी:
🔸 मंगतू राम उसेंडी, पिता – स्व. राजू राम, उम्र – 24 वर्ष
जाति – माड़िया, निवासी – करकाबेड़ा, थाना – कोहकामेटा, जिला – नारायणपुर (छ.ग.)

प्रकरण दर्ज धाराएं:
भा.दं.सं. की धारा 191(2), 191(3), 190, 109, 103;
वि.प. अधिनियम की धारा 3, 5;
आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27;
विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा
UAPA अधिनियम की धारा 10, 13(1), 16, 20, 38(2), 39(2)।

👉 पुलिस का सघन अभियान जारी, अन्य नक्सलियों की तलाश तेज
पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य नक्सल सहयोगियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। जिला प्रशासन व सुरक्षा बलों की सतर्कता से एक बड़ी नक्सली साजिश को नाकाम कर दिया गया है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page