नारायणपुर

शिक्षक युक्तिकरण के विरोध में कांग्रेस की शिक्षा न्याय यात्रा

नारायणपुर। प्रदेश में स्कूलों के युक्तियुक्तकरण के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को शिक्षा न्याय यात्रा निकाली। राजीव भवन से शुरू हुई इस पदयात्रा को हाई स्कूल के पास पुलिस ने बेरिकेटिंग कर रोकने का प्रयास किया, जिस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। विरोध के बाद कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर निकाली गई इस यात्रा का नेतृत्व पीसीसी महासचिव रजनू नेताम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिसेल नाग और ब्लॉक अध्यक्ष रवि देवांगन ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “युक्तियुक्तकरण वापस लो”, “भाजपा सरकार होश में आओ”, “बेरोजगारों को रोजगार दो” जैसे नारे लगाए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रही है। रजनू नेताम ने कहा, “भाजपा सरकार शिक्षकों के साथ साजिश कर रही है। जिन वादों के दम पर सत्ता में आई, अब उन्हीं से मुंह मोड़ रही है। 30,000 शिक्षकों की भर्ती का वादा किया गया था, लेकिन अब स्कूल बंद कर शिक्षकों को दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर किया जा रहा है।”

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि देवांगन ने कहा, “यूपीए सरकार के दौरान गांव-गांव स्कूल खोले गए थे, लेकिन भाजपा की सरकार आते ही स्कूल बंद किए जा रहे हैं और शराब दुकानें खोली जा रही हैं। यह सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने के बजाय उनके मौजूदा रोजगार भी छीन रही है।”

धरने के अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और मांग की कि युक्तियुक्तकरण योजना को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।

इस मौके पर पीसीसी सचिव देवनाथ उसेंडी, शहर अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव वेदबती पात्र, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रशीला कश्यप, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बोधन देवांगन, एनएसयूआई अध्यक्ष विजय सलाम, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुनीता मांझी, प्रमोद नैलवाल, गजा पटेल, पंडी राम वड्डे, जिला महासचिव रामसू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page