नारायणपुर

काला अध्याय को याद कर लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प आपातकाल की 50वीं बरसी पर नारायणपुर भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता

आपातकाल की 50वीं बरसी पर नारायणपुर भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता, शालिनी राजपूत ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला…

नारायणपुर। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में लगे सबसे काले धब्बे — वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल — की 50वीं बरसी पर मंगलवार को नारायणपुर भाजपा कार्यालय में एक विशेष प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ शासन के हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

राजपूत ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाया गया आपातकाल भारतीय संविधान, प्रेस की स्वतंत्रता और जनता के मौलिक अधिकारों पर सीधा हमला था। उन्होंने इसे भारत के लोकतंत्र पर “अब तक की सबसे बड़ी चोट” करार दिया। उन्होंने कहा कि लाखों निर्दोषों को जेलों में डाला गया, न्यायपालिका पर दबाव बनाया गया और मीडिया की आवाज को बंद कर दिया गया।

“कांग्रेस ने सत्ता की रक्षा के नाम पर लोकतंत्र की हत्या की,” — उन्होंने कहा। राजपूत ने यह भी जोड़ा कि आज की युवा पीढ़ी को यह जानना आवश्यक है कि देश किन संकटों से गुज़रा है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कितनी कुर्बानियां दी गई हैं।

प्रदेशाध्यक्ष ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी प्रशंसा की और कहा कि भारत आज एक सशक्त लोकतंत्र के रूप में खड़ा है। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस जैसी मानसिकता को देश में दोबारा पैर पसारने नहीं दिया जाएगा।

राजपूत ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए सजग और जागरूक रहें, ताकि भविष्य में फिर कभी ऐसा काला अध्याय न दोहराया जाए।

इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसाय सलाम, वरिष्ठ नेता बृजमोहन देवांगन, गौतम गोलछा, नगर पालिका अध्यक्ष इन्द्र प्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, जिला महामंत्री संदीप कुमार झा, अख्तर अली, सुदीप झा, प्रशांत सिंह, अनूप भट्टाचार्य, सूर्यपाल दुबे, अभिषेक झा, पार्षद रमशीला नाग, नेहा कश्यप, कीर्ति पोटाई, रंजना ठाकुर, दीपाली नाग सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page