नारायणपुर

सिन्दूर शौर्य शोभायात्रा से भारतीय सेना को किया गया नमन

नारायणपुर की महिलाओं ने सेना के शौर्य और ऑपरेशन ‘सिन्दूर’ के प्रति जताया आभार…

नारायणपुर, 24 मई। भारतीय सेना के अदम्य साहस और बहादुरी के प्रतीक ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के समर्थन में नारायणपुर जिले की महिलाओं ने आज ‘सिन्दूर शौर्य शोभायात्रा’ का आयोजन कर सेना के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। देश की नारी शक्ति ने भारतीय संस्कृति का प्रतीक बनकर लाल साड़ी और सिन्दूर धारण कर यह संदेश दिया कि वे सेना के साथ खड़ी हैं।

इस आयोजन की शुरुआत जगदीश कला मंदिर परिसर से हुई, जहाँ नारायणपुर की महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक राजू कश्यप और शैलेन्द्र कुमार चंदेल को नारियल एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समस्त नारायणपुर वासियों की ओर से सेना को समर्पित रहा।

इस अवसर पर महिला शक्ति के रूप में श्रीमती संगीता जैन, श्रीमती रीता मंडल एवं श्रीमती रमशिला झा ने आयोजन का संचालन और उद्बोधन दिया। नारायण प्रसाद साहू (अध्यक्ष, सनातन धर्म मंच) और शुभम नाग (बजरंग दल) ने अपने ओजस्वी भाषणों से उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने अपने संबोधन में देश की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कुछ राजनीतिक बयानों पर चिंता व्यक्त की। शोभायात्रा के दौरान महिलाओं ने भारत माता की जय और भारतीय सेना अमर रहे जैसे नारों से पूरे शहर का माहौल देशभक्ति से भर दिया।

जगदीश कला मंदिर से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा राजीव चौक होते हुए जय स्तंभ चौक तक पहुंची। आयोजन में जिले के लगभग सभी वार्डों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हाल ही में भारतीय सेना द्वारा जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ को समर्थन देना था, जिसमें सभी दोषी आतंकवादियों का सफाया किया गया। इस विजय ने देश की महिलाओं में गौरव और आत्मबल की भावना भर दी, जिसके प्रतीक रूप में यह शोभायात्रा संपन्न हुई।

यह आयोजन महिला मंडल नारायणपुर एवं राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच, छत्तीसगढ़ जिला नारायणपुर के संयुक्त तत्वावधान में संपन हुआ।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page