नारायणपुर

संविदा कर्मी आरती यादव को श्रद्धांजलि, जय स्तंभ चौक में निकाला कैडर मार्च

प्रताड़ना से हुई मौत के विरोध में एनएचएम कर्मचारी संघ नारायणपुर और सर्व विभागीय संविदा महासंघ हुए एकजुट…

जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, जांच समिति गठित…

नारायणपुर। एनएचएम में कार्यरत संविदा कर्मी आरती यादव की दुखद आत्महत्या के विरोध में रविवार शाम जय स्तंभ चौक में एनएचएम कर्मचारी संघ नारायणपुर द्वारा कैडर मार्च निकाल कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मार्च में जिले के सभी संविदा कर्मचारी, संघ पदाधिकारी एवं समाजसेवी शामिल हुए।

स्व. आरती यादव जंगलपुर (जिला खैरागढ़) के उप स्वास्थ्य केंद्र में पिछले पांच वर्षों से बतौर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के रूप में कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि विभागीय प्रताड़ना, स्थानांतरण न होना, लंबित वेतन व इंसेंटिव और मानसिक दबाव के चलते उन्होंने आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठाया। उनके एक वर्षीय पुत्र के सिर से पहले पिता और अब मां का साया उठ गया है।


जिला प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

कलेक्टर के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया गया है। जांच दल में डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे, एसडीएम अविनाश ठाकुर, उपनिरीक्षक बिलकिस खान और बीएमओ विवेक बिसेन शामिल हैं। समिति को एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।


संघ ने जताई नाराजगी, संविदाकर्मियों की स्थिति को बताया चिंताजनक

सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ ने इस घटना को संविदा व्यवस्था की विफलता करार दिया है। संघ के मुताबिक, राज्यभर में अब तक विभागीय दबाव और असुरक्षा के चलते 26 संविदा कर्मियों की जान जा चुकी है।

संघ ने आरोप लगाया कि 20 वर्षों से संविदाकर्मियों का स्थायीकरण लंबित है। पिछली सरकार के समय 31 दिन का जल सत्याग्रह कर नियमितीकरण की मांग की गई थी, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला। वर्तमान सरकार द्वारा 100 दिन में निर्णय का वादा भी अब ठंडे बस्ते में नजर आ रहा है।


संवेदनशीलता के साथ हो कार्रवाई: संघ

संघ ने राज्य सरकार से मांग की है कि आरती यादव के परिजनों को आर्थिक सहायता, बच्चे के भरण-पोषण की व्यवस्था, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और संविदा व्यवस्था में सुधार हो। साथ ही यह अपील की कि कोई भी संविदाकर्मी यदि कार्यस्थल पर उत्पीड़न या शोषण का शिकार हो तो तत्काल संघ को सूचित करें।


श्रद्धांजलि सभा में भावुक माहौल

जय स्तंभ चौक में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में एनएचएम जिला कार्यकारिणी के सदस्य, कर्मचारी, महिला कर्मी सहित बड़ी संख्या में संविदाकर्मी शामिल हुए। कैंडल मार्च के साथ ‘आरती यादव अमर रहें’, ‘संविदाकर्मियों को न्याय दो’ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page