छत्तीसगढ़

मां की ममता के आगे जंगल का राजा भी पीछे हटा अबूझमाड़ के घने जंगलों में मादा भालू ने बचाया शावक, बाघ को खदेड़ा, वीडियो वायरल

मां की ममता के आगे जंगल का राजा भी पीछे हटा
अबूझमाड़ के घने जंगलों में मादा भालू ने बचाया शावक, बाघ को खदेड़ा, वीडियो वायरल…


नारायणपुर (छत्तीसगढ़)।
छत्तीसगढ़ के दुर्गम वन क्षेत्र अबूझमाड़ से एक रोमांचक दृश्य सामने आया है, जिसने न सिर्फ वन्य जीवन की जीवंतता को दिखाया, बल्कि एक मां की ममता की अद्भुत मिसाल भी पेश की। यहां मादा भालू ने अपने शावक को बचाने के लिए बाघ से सीधा मुकाबला किया और उसे खदेड़ दिया। यह दृश्य वहां मौजूद एक ग्रामीण के मोबाइल कैमरे में कैद हो गया, जो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह घटना अबूझमाड़ के पांगुड़ क्षेत्र की है, जहां हाल ही में सड़क निर्माण व पुलिस बेस कैंप की स्थापना के चलते नक्सल गतिविधियों में कमी आई है और लोग अब जंगलों की सुंदरता को देखने जाने लगे हैं। इसी दौरान, एक स्थानीय युवक ने जंगल में मादा भालू को अपने शावक के साथ देखा, तभी अचानक एक बाघ वहां पहुंचा और शावक को निशाना बनाने की कोशिश करने लगा।

बाघ के इरादे भांपते ही मादा भालू अपनी पूरी ताकत से सामने आई। वह अपने पिछले पैरों पर खड़ी हो गई, जोर-जोर से गरजने लगी और सीधे बाघ पर हमला बोल दिया। कुछ देर की झड़प के बाद जंगल का राजा माने जाने वाला बाघ वहां से दुम दबाकर भाग निकला। मादा भालू कुछ दूरी तक उसका पीछा भी करती रही।

वन मंत्री ने बताया गौरव का क्षण
यह वीडियो छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप तक भी पहुंचा, जो इसी क्षेत्र से विधायक हैं। उन्होंने इस दृश्य को ‘अद्भुत और अकल्पनीय’ बताते हुए कहा— “यह मेरे क्षेत्र का गौरव है। अबूझमाड़ की जैव विविधता और वन्य जीवन का ऐसा उदाहरण प्रेरणादायक है।”

अबूझमाड़ क्षेत्र, जो एक समय नक्सल प्रभाव के कारण भय का प्रतीक था, अब नये बदलाव के साथ प्रकृति प्रेमियों और शोधकर्ताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। बाघ, भालू, नीलगाय और हिरण जैसे वन्य प्राणी अब खुले में देखे जा सकते हैं, जो इस क्षेत्र में सुशासन और संरक्षित पर्यावरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page