पालकी में आयोजित समाधान शिविर में शामिल हुए वनमंत्री एवं सांसद

शिविर में हितग्राहियों को वितरित किए गए चेक व सामग्री, योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल…

नारायणपुर, 5 मई। सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत विकासखंड नारायणपुर के ग्राम पंचायत पालकी में आयोजित पहले समाधान शिविर में संसदीय कार्य, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप एवं बस्तर सांसद महेश कश्यप ने सहभागिता की। इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की मांग, समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए शासन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुशासन की मिसाल कायम हो रही है। ग्रामीण अंचलों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के लिए शासन द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 8 से 11 अप्रैल तक प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु जिले में 14 समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जो 31 मई तक जारी रहेंगे।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मोदी की गारंटी और विष्णु सरकार के सुशासन के तहत प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना, जल जीवन मिशन, सोलर लाइट और नियद नेल्लानार योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अबुझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्र में अब विकास की रोशनी पहुंच रही है।
शिविर में हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
समाधान शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा निम्नलिखित लाभ वितरित किए गए:
- पेंशन योजना: 5 हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश
- राशन कार्ड: 5 हितग्राहियों को प्रदान
- प्रधानमंत्री आवास योजना: 5 नक्सल पीड़ित परिवारों को प्रथम किश्त के रूप में 40-40 हजार रुपये के चेक
- मनरेगा: 14 हितग्राहियों को डबरी निर्माण की स्वीकृति
- राजस्व विभाग: निवास प्रमाण पत्र, किसान किताब एवं जाति प्रमाण पत्र
- बिहान योजना: महिमा स्व सहायता समूह को 15 हजार रुपये का चेक
- स्वास्थ्य विभाग: वय वंदना कार्ड, शिशु देखभाल किट और मच्छरदानी
- समाज कल्याण विभाग: 17 हितग्राहियों को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरण
उपस्थित रहे जनप्रतिनिधि व अधिकारी
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मण्डावी, रूपसाय सलाम, बृजमोहन देवांगन, गौतम एस. गोलछा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम गौतमचंद पाटिल सहित अधिकारीगण भी मौजूद थे।




