नारायणपुर

नारायणपुर में फिर से रफ्तार का कहर, अज्ञात ट्रक ने कुचली आठ गायें, ग्रामीणों का आक्रोश

बजरंग दल ने घायल बछड़े की सेवा कर चलाया ट्रक की तलाश का अभियान, प्रशासन को चेतावनी…

नारायणपुर, 12 मई 2025:
जिला नारायणपुर के कोंडागांव रोड पर ग्राम विनोद के समीप स्थित चौक में बीती रात एक माइंस से जुड़ा अज्ञात ट्रक रफ्तार का कहर बरपाते हुए सड़क पर चल रही आठ गायों को कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। हृदय विदारक इस घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और एक घायल बछड़े को प्राथमिक सेवा दी।

बजरंग दल की शेष टीम ने तत्परता दिखाते हुए उक्त ट्रक की तलाश में बेनूर से कोंडागांव और फ़रसगांव तक सघन जांच अभियान चलाया। साथ ही नारायणपुर और बेनूर थानों में शिकायत दर्ज कराई गई।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नारायणपुर-कोंडागांव मार्ग को प्रातः 2 बजे से जाम कर दिया, जिससे कई घंटे यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुँचे बेनूर थाना प्रभारी ने जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

बजरंग दल ने प्रशासन से माँग की है कि नारायणपुर से संचालित सभी वाहनों की नशा जांच, फिटनेस परीक्षण और गति पर नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ड्राइवरों व मालिकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएँ ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएँ रोकी जा सकें।

प्रशासन की आश्वासन के बाद सुबह 6:30 बजे चक्का जाम समाप्त कर गौमाताओं के शवों का विधिपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ग्रामवासियों से अपील की गई कि वे अपने पशुओं को बांधकर रखें ताकि इस तरह की त्रासदियाँ न हों।

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाएँ दोहराई गईं तो संबंधित वाहन मालिकों व चालकों के खिलाफ गौहत्या का मामला दर्ज कर अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page