नारायणपुर में अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस डे पर भव्य रक्तदान शिविर, 100 यूनिट रक्त एकत्र

जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन…

नारायणपुर, 8 मई।
अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर गुरुवार को नारायणपुर जिले में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला प्रशासन, जिला स्वास्थ्य विभाग और रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 100 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

शिविर में नारायणपुर आईटीआई के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान नारायणपुर के एसडीएम गौतम पाटिल, जनपद सीओ और नीति आयोग के अधिकारी भी रक्तदान कर समाजसेवा में सहभागी बने।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगई, जिला सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलको, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, ब्लड बैंक प्रभारी सुधांशु गुप्ता, रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष कमलजीत सिंह आहूजा, सचिव पंकज जैन और प्रदेश प्रतिनिधि नरेंद्र मेश्राम की गरिमामयी उपस्थिति रही। वालंटियर्स चम्पा, रासो, चंद्रिका और रामुला ने शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई।
रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए अतिथि रूप साय सलाम एवं बृजमोहन देवांगन ने बच्चों को शुभकामनाएं दीं और सेवा भाव को जीवन का मूल मंत्र बताया। जिले के स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शिविर का समापन सफलतापूर्वक हुआ और सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।




