नारायणपुर

एकलव्य विद्यालय की दो छात्राएं जेईई एडवांस के लिए चयनित

राष्ट्रपति से की भेंट, कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त ने दी बधाई…

 

नारायणपुर, 10 मई।
जिले के सुदूर आदिवासी अंचल छेरीबेड़ा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की दो छात्राओं ने इतिहास रचते हुए JEE Advance के लिए चयनित होकर समूचे बस्तर संभाग का नाम रोशन किया है। पल्लवी बुई एवं बसंती सलाम नामक इन प्रतिभाशाली बालिकाओं की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह आदिवासी क्षेत्र की शिक्षा प्रणाली की सशक्त तस्वीर भी प्रस्तुत करती है।

दोनों छात्राएं वर्तमान में दिल्ली में 15 दिवसीय विशेष कोचिंग प्राप्त कर रही हैं। 9 मई को उन्हें महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में भेंट करने का सुअवसर मिला। इस विशेष आयोजन में छात्राओं ने राष्ट्रपति महोदया को अपने अनुभव, विद्यालय के शैक्षणिक योगदान तथा भविष्य की योजनाओं के विषय में अवगत कराया। राष्ट्रपति ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनमोहन त्यागी ने दोनों छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि सुदूरवर्ती आदिवासी क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इसी प्रकार मेहनत कर विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं एवं सहायक आयुक्त डॉ. राजेन्द्र सिंह ने भी छात्राओं को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य डॉ. त्यागी ने इस सफलता में आदिवासी विकास विभाग, NESTS नई दिल्ली एवं राज्य समिति नवा रायपुर के सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page