अबूझमाड़ मुठभेड़: शहीद जवानों को, आज नारायणपुर में दी जाएगी अंतिम विदाई
अबूझमाड़ लाइव
रिपोर्ट | दिनांक: 22 मई 2025
स्थान: नारायणपुर, छत्तीसगढ़
रिज़र्व पुलिस लाइन में दोपहर 12 बजे शहीदों को दी जाएगी राजकीय सलामी
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में चल रहे अबूझमाड़ ऑपरेशन के दौरान दो वीर सपूतों ने देश की सेवा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। डीआरजी नारायणपुर और बीजापुर के इन दो जांबाज़ों की शहादत पर पूरा प्रदेश गर्वित और शोकाकुल है।
21 मई को दो अलग-अलग घटनाओं में शहीद हुए जवान
- प्रातःकाल मुठभेड़ के दौरान
नारायणपुर जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के ग्राम भटबेडा निवासी, 38 वर्षीय खोटलूराम कोर्राम, जो डीआरजी टीम का हिस्सा थे, ने नक्सली हमले का बहादुरी से सामना करते हुए शहादत दी। - सायं को आईईडी विस्फोट में शहादत
बीजापुर डीआरजी के जवान रमेश हेमला को शाम करीब 7 बजे नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी विस्फोट में वीरगति प्राप्त हुई।
आज नारायणपुर में दी जाएगी अंतिम विदाई
22 मई 2025 को दोपहर 12:00 बजे, रिज़र्व पुलिस लाइन, नारायणपुर में शहीद जवानों को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
शहीदों के पार्थिव शरीर को जिला मुख्यालय लाया जा रहा है, जहां आमजन, प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षाबल के साथी जवान श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
प्रदेशभर में शोक की लहर, सलाम शहीदों को
शहीद खोटलूराम कोर्राम और रमेश हेमला की शहादत ने एक बार फिर यह साबित किया है कि देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए हमारे जवान हर चुनौती का डटकर सामना कर रहे हैं।
इनकी वीरता और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्तंभ बनेगा।
“शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। यह राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा।” — नारायणपुर पुलिस
Abujhmad live, देश के इन वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता है




