दिल्ली का धमाका: चंडीगढ़ को 8-0 से रौंदा, स्वामी विवेकानंद अंडर-20 एनएफसी के सेमीफाइनल में जगह बनाई

दिल्ली का धमाका: चंडीगढ़ को 8-0 से रौंदा, स्वामी विवेकानंद अंडर-20 एनएफसी के सेमीफाइनल में जगह बनाई…
पहले हाफ में ही 7 गोल दागकर दिल्ली ने किया मैच का फैसला, आदित्य अधिकारी बने प्लेयर ऑफ द मैच…

नारायणपुर (छत्तीसगढ़)। गत चैंपियन दिल्ली ने गुरुवार को चंडीगढ़ के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 8-0 की विशाल जीत दर्ज कर स्वामी विवेकानंद अंडर-20 पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। मुकाबला रामकृष्ण मिशन आश्रम ग्राउंड में खेला गया।
दिल्ली ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबदबा बना लिया और पहले हाफ में ही सात गोल ठोककर चंडीगढ़ की उम्मीदों को तोड़ दिया। मोइरंगथेम राजेश्वर सिंह, आदित्य अधिकारी और लैशराम राहुल मैतेई ने दो-दो गोल किए, जबकि संखिल दारपोल तुइशांग और अरमान अहमद ने एक-एक गोल दागा।
मैच का पहला गोल 7वें मिनट में राजेश्वर सिंह ने किया। उनका दाएं से मारा गया कर्लिंग शॉट गोलकीपर जसपाल सिंह को चकमा देता हुआ गोल में जा समाया। इसके बाद 16वें मिनट में आदित्य अधिकारी ने बाएं से शानदार दौड़ लगाकर मुश्किल एंगल से गोल ठोका।
27वें मिनट में राजेश्वर ने एक और गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। इसके बाद दिल्ली ने लगातार हमले जारी रखे और पहले हाफ के अंत तक 7-0 की बढ़त ले ली। दूसरे हाफ में अरमान अहमद ने अंतिम गोल कर स्कोर 8-0 कर दिया।
बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आदित्य अधिकारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।




