कोहकामेटा में आयोजित हुआ सुशासन तिहार एवं जनसमस्या निवारण शिविर

कोहकामेटा में आयोजित हुआ सुशासन तिहार एवं जनसमस्या निवारण शिविर…
ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उठाने जिला पंचायत उपाध्यक्ष की अपील…
नारायणपुर, 11 अप्रैल 2025: छत्तीसगढ़ सरकार की अभिनव पहल “सुशासन तिहार 2025” के तहत नारायणपुर जिले के ग्राम कोहकामेटा में शुक्रवार को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस पहल का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी समीक्षा, त्वरित समाधान और प्रशासन व जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाना है।

शिविर का आयोजन कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित किया है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में समाधान पेटी लगाई जाए, ताकि लोग अपनी समस्याएं सीधे उसमें डाल सकें।

जनसमस्याओं का शत-प्रतिशत समाधान हो – प्रताप सिंह मंडावी
शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का शीघ्रता से निराकरण करें और उन्हें लिखित में जानकारी भी दें। उन्होंने कहा कि यह शिविर सिर्फ समस्या सुनने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शत-प्रतिशत समाधान के साथ इसका समापन होना चाहिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं और बच्चों से इनका भरपूर लाभ उठाने की अपील की।

गर्भवती माताओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन
शिविर में गर्भवती महिलाओं का गोद भराई और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिससे कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार की झलक भी दिखी।

बैंक संबंधी समस्याओं के समाधान के निर्देश
अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने सरपंचों से आग्रह किया कि पेंशनधारियों और महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं की बैंक संबंधित समस्याएं जनदर्शन में आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत करें, जिससे समय पर समाधान हो सके।
उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
विशेष उपस्थिति:
शिविर में जनपद अध्यक्ष नरेश कोर्राम, उपाध्यक्ष मंगडूराम नुरेटी, कोहकामेटा सरपंच रोशनी पुजारी, एसडीएम अभयजीत मंडावी, तहसीलदार चिराग रामटेके, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजेन्द्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी लुपेन्द्र महिलांग, जनपद सीईओ ओरछा लोकेश चतुर्वेदी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
यह शिविर शासन की “जनहित सर्वोपरि” की भावना को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हुआ।




