नारायणपुर

आईईडी विस्फोट में हाईवा चालक गंभीर रूप से घायल

नारायणपुर: आईईडी विस्फोट में हाईवा चालक गंभीर रूप से घायल…

नारायणपुर, 8 अप्रैल: नारायणपुर जिले के कुतुल और कैम्प बेड़माकोटी के बीच जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के चपेट में आने से एक हाईवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना कल, 7 अप्रैल 2025 को घटित हुई।
घायल चालक की पहचान संतोष पोयम पिता चमरू पोयम, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी ग्राम सोनाबाल, कोण्डागांव के रूप में हुई है। वह एक रोड निर्माण कार्य में गिट्टी लेकर अपने हाईवा वाहन से कुतुल से आगे पदमकोट की ओर जा रहा था। पुलिस के अनुसार, टेकरी/चढ़ाव के पास चालक द्वारा गाड़ी खड़ी कर नीचे उतरकर सड़क से अन्दर पैदल जाते समय अचानक नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए प्रेशर आईईडी में विस्फोट हो गया। इस घटना में संतोष पोयम के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद घायल चालक को उपचार के लिए नारायणपुर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
यह ध्यान देने योग्य है कि इस घटना से ठीक दो दिन पहले, ग्राम जड्डा-मरकूर के जंगल में फूल झाड़ू तोड़ने गए कानागांव के दो ग्रामीण भी नक्सली आईईडी के चपेट में आ गए थे, जिसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई थी और दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था।
लगातार हो रही इन घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए, नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार (भा.पु.से.) ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि यदि उन्हें क्षेत्र में किसी भी आईईडी की जानकारी मिलती है तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से आईईडी को निष्क्रिय किया जा सकता है और सुरक्षा बलों, ग्रामीणों, विकास कार्य में लगे कर्मचारियों, शासकीय सेवकों और वन्य प्राणियों के जान-माल की हानि को बचाया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी घोषणा की कि आईईडी की सही जानकारी देने और उसे बरामद करवाने वाले व्यक्तियों को 5,000 रुपए तक की राशि इनाम के तौर पर दी जाएगी और उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा बलों द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इस साल अब तक 15 से अधिक आईईडी बरामद किए गए हैं और क्षेत्र में सर्चिंग व आईईडी डिटेक्शन का अभियान जारी है। यह ताजा घटना क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगातार सुरक्षा बलों और आम नागरिकों को निशाना बनाने की कोशिशों को दर्शाती है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page