नारायणपुर

विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन

विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन…

नारायणपुर, 15 फरवरी 2025// छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर और शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणपुर के ग्रंथालय विभाग और भौतिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण पर एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 60 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 54 ने प्रतियोगिता में भाग लिया।

महाविद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष श्री संजय कुमार पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2025 की थीम “विकसित भारत के लिए विज्ञान और नवाचार में वैश्विक नेतृत्व के लिए भारतीय युवाओं को सशक्त बनाना” है। यह दिवस भारतीय वैज्ञानिक सर सी.वी. रमन की खोज ‘रमन प्रभाव’ की याद में मनाया जाता है, जो हमारे देश की वैज्ञानिक धरोहर को और मजबूत करता है।

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण के क्षेत्र में हुए नवाचारों से अवगत कराना और उनके शैक्षणिक कार्य एवं सामाजिक कल्याण के लिए इस ज्ञान का सार्थक उपयोग करने के लिए प्रेरित करना था।

प्रतियोगिता में योजेन्द्र कुमार दीवान (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दिलीप कुमार (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इन दोनों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा और साथ ही साथ सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता 22 फरवरी 2025 को प्रातः 11:00 बजे आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹1000, ₹750 और ₹500 नगद पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह सम्मान 28 फरवरी को विज्ञान दिवस के अवसर पर दिया जाएगा।

क्विज में इसरो के वर्तमान अध्यक्ष, मिशन गगनयान, इन्सुलिन, और वाशिंग मशीन का कार्य सिद्धांत जैसे महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे गए, जिनसे प्रतियोगियों की विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण से संबंधित जानकारी की गहराई का परीक्षण किया गया।

इस अवसर पर भौतिक विभाग के विभागाध्यक्ष श्री भगवान दास चांडक ने सर सी.वी. रमन की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिवस हमारे देश के महान वैज्ञानिकों की खोजों और उनकी उपलब्धियों को याद करने का दिन है।

क्विज प्रतियोगिता का मूल्यांकन महाविद्यालय के लाइब्रेरियन श्री संजय कुमार पटेल के संयोजन में अतिथि व्याख्याता डॉ. मीनाक्षी ठाकुर, डॉ. लंकेश यशवंत भैसारे, श्री हंसराज भाषगौरी, श्री प्रफुल्ल गेडाम, श्री प्रशांत कुमार साहू और सुश्री Simply कुंभकार द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता प्रीति पटेल और समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page