नारायणपुर

माओवादी दंपति का आत्मसमर्पण, नक्सल मुक्त माड़ बचाओ अभियान को मिली सफलता

नारायणपुर: माओवादी दंपति का आत्मसमर्पण, नक्सल मुक्त माड़ बचाओ अभियान को मिली सफलता

नारायणपुर, 24 फरवरी 2025// जिला नारायणपुर के भैरमदेव एरिया कमेटी में सक्रिय दो माओवादी दंपति ने माओवादी विचारधारा से तंग आकर आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में सुदेन कोर्राम और जनकू कोर्राम (पुरुष) तथा सरिता पोटावी करिश्मा (महिला) शामिल हैं। दोनों माओवादी MMC ZONE के अंतर्गत सक्रिय थे। सीमा सुरक्षा बल और जिला पुलिस द्वारा लगातार जारी किए गए नक्सल उन्मूलन अभियानों और सुरक्षा बलों के प्रयासों के कारण यह आत्मसमर्पण संभव हो पाया। माओवादियों ने आत्मसमर्पण करते हुए सरकार की पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं के साथ सामान्य जीवन जीने की इच्छा जताई है। उन्हें प्रोत्साहन राशि के रूप में 25 हजार रुपये का चेक भी प्रदान किया गया।

इस आत्मसमर्पण के पीछे मुख्य कारण क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्य, सड़कों का निर्माण, गांवों तक पहुंचती सुविधाओं और सुरक्षा बलों के बढ़ते प्रभाव ने माओवादी दंपति को प्रभावित किया। इसके अलावा, माओवादी संगठन में आंतरिक मतभेद और शोषण की स्थिति भी उनके आत्मसमर्पण का कारण बनी।

महानिरीक्षक, सीमा सुरक्षा बल भिलाई आनंद प्रताप सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर सुन्दरराज पी. और अन्य सुरक्षा अधिकारीगण इस सफल आत्मसमर्पण में प्रमुख भूमिका निभा रहे थे।

नक्सलियों के आत्मसमर्पण के चलते माओवादी संगठन को एक बड़ा झटका लगा है। आने वाले समय में और भी माओवादियों के आत्मसमर्पण की संभावना जताई जा रही है। यह आत्मसमर्पण माड़ बचाओ अभियान की सफलता का एक बड़ा कदम है, और इससे माड़ क्षेत्र में नक्सल मुक्त जीवन की कल्पना साकार हो रही है।

सुरक्षा बलों और सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति ने माओवादी विचारधारा से भटके नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा में लौटने का अवसर प्रदान किया है। सरकार और स्थानीय पुलिस बल से अपील की गई है कि वे माओवादी भाई-बहनों को पुनः समाज में सम्मिलित करने के लिए प्रयासरत रहें।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page