नारायणपुर पुलिस ने आईईडी लगाने की साजिश नाकाम की, संदिग्ध गिरफ्तार

नारायणपुर, 6 फरवरी 2025: नवीन कैम्प कुतुल के पास नक्सलियों द्वारा आईईडी लगाने की साजिश को नारायणपुर पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 कुकर आईईडी, बिजली तार और फटाका बम बरामद किए।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नवीन कैम्प कुतुल की स्थापना के एक दिन बाद नक्सलियों ने आईईडी लगाने की योजना बनाई थी, ताकि सुरक्षा बलों पर हमला किया जा सके। कैम्प के खुलने से नक्सली बौखलाए हुए थे और इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया। यदि समय रहते आईईडी बरामद नहीं किया जाता, तो यह घटना सुरक्षा बलों, स्थानीय ग्रामीणों या वन्यजीवों के लिए बड़ा खतरा बन सकती थी।
गिरफ्तार संदिग्ध युवक की पहचान दिनेश कोला (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कुतुल एरिया कमेटी का सक्रिय सहयोगी था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह कुतुल क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए आईईडी लगाने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने इस मामले में धारा 4, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
नारायणपुर पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई में डीआरजी बल का विशेष योगदान रहा। साथ ही पुलिस द्वारा नक्सल विरोधी अभियान के तहत क्षेत्र में विकास कार्यों को सुरक्षित करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
नाम: दिनेश कोला
पिता का नाम: सोमा कोला
उम्र: 19 वर्ष
गांव: परपा, थाना कोहकामेटा, जिला नारायणपुर (छ.ग.)
आपराधिक प्रकरण:
थाना कोहकामेटा अपराध क्रमांक- 03/2025
धारा 4, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम




