नारायणपुर

NARAYANPUR: बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या पर श्रद्धांजलि सभा, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

नारायणपुर मे बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या पर श्रद्धांजलि सभा, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा…

नारायणपुर, 4 दिसंबर: बीजापुर जिले के दबंग युवा पत्रकार मुकेश चंद्राकर की आकस्मिक मृत्यु के पश्चात् आज, 4 दिसंबर को नारायणपुर जिले के जयस्तंभ चौक स्थित पुराना लोक निर्माण विश्रामगृह में एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में जिले भर के पत्रकार साथी जुटे और दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित की। पत्रकारों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।

ज्ञापन में पत्रकारों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मांग की है कि बीजापुर में स्वतंत्र पत्रकारिता करने वाले पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि बीजापुर में पत्रकारों की स्वतंत्रता पर आक्रमण हो रहे हैं, और यदि इस तरह की घटनाओं की रोकथाम नहीं की गई तो छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता के लिए यह सबसे बुरा दौर साबित होगा।

पत्रकार साथियों ने मुख्यमंत्री से यह भी अनुरोध किया है कि मुकेश चंद्राकर की हत्या में शामिल हत्यारों को कड़ी सजा दी जाए और उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई करते हुए उनके संपत्ति को भी कुर्क किया जाए। साथ ही दिवंगत पत्रकार के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। साथ ही मुकेश चंद्राकर को शहीद का दर्जा देने की भी मांग की गई।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि हत्यारों के संदिग्ध ठेकेदारों के संबंध बीजापुर के कुछ अफसरों से हैं और तीन दिन तक परिजनों और पत्रकारों को वास्तविकता से दूर रखा गया, जिससे हत्यारों को भागने का अवसर मिला। पत्रकारों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इसके अलावा, प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक तत्काल पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की अपील की गई।

पत्रकारों की इस एकजुटता और संघर्ष को देखते हुए, यह मामला प्रदेशभर में सुर्खियों में बना हुआ है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page