45वीं वाहिनी ITBP की अगुवाई में 16वें आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम हेतु दल की हैदराबाद (तेलंगाना) को रवानगी

45वीं वाहिनी ITBP की अगुवाई में 16वें आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम हेतु दल की हैदराबाद (तेलंगाना) को रवानगी…

नारायणपुर, 23 जनवरी 2025// भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) की 45वीं वाहिनी द्वारा छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र नारायणपुर से 30 आदिवासी युवाओं का दल आज हैदराबाद (तेलंगाना) के लिए रवाना किया गया। इस दल में 15 आदिवासी युवक और 15 आदिवासी युवतियां शामिल हैं, जिन्हें आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा।
45वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री राजीव गुप्ता के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जो हर साल नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय के तहत संपन्न होता है। यह कार्यक्रम आदिवासी युवाओं को भारत की भौगोलिक, सांस्कृतिक, और सामाजिक विविधताओं से परिचित कराता है।
दल 24 से 30 जनवरी 2025 तक हैदराबाद के प्रमुख संस्थानों और पर्यटन स्थलों का दौरा करेगा। इस भ्रमण के दौरान युवाओं को भारत के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे तकनीकी विकास, कौशल विकास, शैक्षिक और रोजगार अवसरों के बारे में जानकारी मिलेगी।
रवानगी से पूर्व कमांडेंट श्री राजीव गुप्ता ने सभी युवाओं को संबोधित करते हुए देश की सांस्कृतिक धरोहर, विकास गतिविधियों, और हैदराबाद के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को भ्रमण के दौरान देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का अनुभव करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर 45वीं वाहिनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। अगले दो चरणों में और युवाओं को सूरत (गुजरात) और चेन्नई (तमिलनाडु) का भ्रमण कराया जाएगा।




