विज्ञान दिवस पर शासकीय महाविद्यालय नारायणपुर में फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित

नारायणपुर, 08 जनवरी 2025 : शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणपुर में छत्तीसगढ़ विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भौतिक विभाग द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें विज्ञान दिवस के अवसर पर वैज्ञानिक सर सी. वी. रमन की याद में विशेष सत्र भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया गया। कार्यक्रम के आयोजक समन्वयक प्रो. बी. डी. चांडक ने रमन इफेक्ट को सरल शब्दों में व्याख्यायित किया और बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य संकाय के शैक्षिक कौशल में सुधार करना और उन्हें नवीनतम शिक्षण रणनीतियों से अवगत कराना है।
फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के मुख्य वक्ता डॉ. आकाश वासनिकर, सहायक प्राध्यापक, शासकीय गुण्डाधुर महाविद्यालय, कोण्डागांव रहे, जिन्होंने ‘ई-कंटेंट डेवलपमेंट और रिसर्च एथिक्स’ पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. आर. कुंजाम ने की। डॉ. कुंजाम ने कहा कि आज के युग में शिक्षा की गुणवत्ता अत्यंत महत्वपूर्ण है, और नई शिक्षा नीति को ध्यान में रखते हुए शिक्षण तकनीकों का प्रयोग छात्रों को लाभकारी सिद्ध होगा।
इस कार्यक्रम में नारायणपुर जिले के 5 महाविद्यालयों एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के 35 शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा नीति, नई अवधारणाएं, सिद्धांत, कौशल विकास, प्रेरणा, संचार कौशल, प्रबंधन और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई, ताकि शिक्षा में बदलते परिदृश्य के साथ तालमेल बैठाया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन ग्रंथपाल श्री संजय कुमार पटेल ने किया। इस अवसर पर राजनीति विभागाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी ठाकुर, श्री एस. के. राव, सुश्री सुष्मिता सक्सेना, डॉ. विजय लाल तिवारी सहित महाविद्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




