भागेश्वर पात्र को साउथ वेस्टर्न अमेरिकन यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट की मानद उपाधि

भागेश्वर पात्र को साउथ वेस्टर्न अमेरिकन यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट की मानद उपाधि

नारायणपुर, 12 जनवरी-2025// चेन्नई (तमिलनाडु) के होटल रमाडा एग्मोर में 11 जनवरी को आयोजित एक भव्य दीक्षांत समारोह में साउथ वेस्टर्न अमेरिकन यूनिवर्सिटी ने नारायणपुर जिले के भागेश्वर पात्र को सामाजिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए ऑनरेरी डॉक्टरेट ‘डॉक्टर ऑफ सोशल वर्क’ की उपाधि से सम्मानित किया।
भागेश्वर पात्र, जो एक शिक्षक, लोक साहित्यकार और समाज सेवक के रूप में लंबे समय से सक्रिय हैं, ने आदिवासी समाज के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। वे सामाजिक सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल होकर समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, नशा उन्मूलन और शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों को मार्गदर्शन देने के लिए कैरियर गाईडेंस शिविरों का आयोजन किया और जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त, उनकी लेखन रुचि के कारण हल्बी और हिंदी में आदिम संस्कृति पर आधारित कई लेख राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
भागेश्वर पात्र को उनके शिक्षा, साहित्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पहले भी कई पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्राप्त करने पर, छत्तीसगढ़ अजजा शासकीय सेवक विकास संघ के प्रांताध्यक्ष आर.एन. ध्रुव, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद, डीपीओ साक्षरता महेन्द्र देहारी, बीईओ कृष्णनाथ गोटा, डॉ. वीना त्यागराज, अशोक उसेंडी, जी.आर. बंजारे “ज्वाला”, डॉ. जगनाथ बघेल, डॉ. कृष्णपाल राणा, दामेसाय बघेल, डॉ. दीपेश रावटे, महेश्वर मुरला, धनश्री गावलकर, पुनूराम प्रधान और अन्य शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।




