भजपा मंडल अध्यक्ष का चुनाव, भगवती हलधर को मिली शहर भाजपा की कमान

नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के तीनों मंडलों में अध्यक्ष का चुनाव आज जिले के भाजपा कार्यालय में बड़े धूमधाम से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिला चुनाव अधिकारी और वनविकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी की उपस्थिति में नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों को पुष्पगुच्छ और पुष्पहार पहनाकर शुभकामनाएं दी गईं।
शहर भाजपा मंडल अध्यक्ष के रूप में महिला मोर्चा की शहर अध्यक्ष भगवती हलधर को कमान सौंपी गई। वहीं, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी भाजपा मंडल महामंत्री प्रेमनाथ उसेंडी को मिली, और ओरछा भाजपा मंडल अध्यक्ष के रूप में सुखराम पोडियाम को चुना गया।
इस अवसर पर श्रीनिवास राव मद्दी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का सकारात्मक रवैया और बिना किसी विरोध के सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन यह दर्शाता है कि पार्टी में एकजुटता और सहयोग का माहौल है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षाएं जताते हुए कहा कि वे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करें और संगठन की तरक्की के लिए हमेशा काम करें।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रूपसाय सलाम, भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, गौतम गोलछा, नारायण मरकाम, जयप्रकाश शर्मा, संजय नंदी, संदीप झा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





