सेक्टर स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय नारायणपुर में

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणपुर में 6 से 7 नवम्बर 2024 तक सेक्टर स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में नारायणपुर, कांकेर, जगदलपुर, कोण्डागांव, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर और धनोरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 144 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सम्मानित मुख्य अतिथि नरेंद्र मेश्राम अध्यक्ष, जनभागीदारी समिति, डॉ. एस.आर. कुजांम प्राचार्य, महाविद्यालय, आर.के. यादव IQAC प्रभारी, नीरज कुमार पटेल क्रीड़ा अधिकारी, विस्भर लाल केंवट खेल संचालक, बस्तर, और डॉ. एन.के. सिंग वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के फाइनल मैच में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांकेर और शासकीय कन्या महाविद्यालय कांकेर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें कांकेर महाविद्यालय ने 2-3 से जीत हासिल की, जबकि शासकीय कन्या महाविद्यालय कांकेर उपविजेता रहा। इसके बाद खिलाड़ियों का चयन ट्रायल मैच के आधार पर किया गया, ताकि वे राज्य और अंतर विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में शहीद महेन्द्र कर्मा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर सकें।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि बी.आर. सिंग और प्राचार्य आर.के. यादव ने विजेता और उपविजेता टीमों को प्रमाणपत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ा अधिकारी सावन कुमार पडोटी ने उपस्थित सभी खिलाड़ियों, महाविद्यालय स्टाफ और सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और प्राचार्य से अनुमति प्राप्त कर कार्यक्रम का समापन किया।
यह प्रतियोगिता क्षेत्रीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक अहम अवसर साबित हुई और आगे के बड़े आयोजनों के लिए तैयारियों की नींव रखी गई।




