सुकमा में जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 10 नक्सली ढेर

सुकमा: बस्तर संभाग के सुकमा जिले के कोंटा थाना क्षेत्र के भेज्जी इलाके में जवानों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ चल रही है। यह मुठभेड़ शुक्रवार सुबह से जारी है, जब सुरक्षा बलों की DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) टीम ने नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जानकारी के अनुसार, नक्सली ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ पहुंचे थे, और जैसे ही सुरक्षा बलों को इनकी मौजूदगी की जानकारी मिली, तुरंत सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया गया।
सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ की शुरुआत शुक्रवार सुबह 6 बजे हुई। जवानों और माओवादियों के बीच इस मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सलियों के शव बरामद हो चुके हैं। इसके साथ ही भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिसमें INSAS राइफल, AK-47, SLR सहित कई अन्य हथियार शामिल हैं। मुठभेड़ अभी भी जारी है, और जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस कार्रवाई पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी सरकार नक्सलवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति, विकास और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर में शांति और प्रगति का दौर लौट चुका है, और सरकार इसे और मजबूत करेगी।




