रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर ने पत्रकारों को किया सम्मानित

नारायणपुर, 16 नवम्बर 2024: रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर में शनिवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के सभी पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नारायणपुर जिले के जिलाधीश विपिन मांझी, विशिष्ट अतिथि अपर कलेक्टर वीरेन्द्र बहादुर पंच भाई, और स्वामी अनुभवानन्द उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानंद ने की।
कार्यक्रम में कलेक्टर महोदय के करकमलों द्वारा जिले के प्रमुख पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सुनील सिंह राठौड़, हेमंत संचेती, डीगेश जैन, अभिषेक बैनर्जी, विंदेश पात्र, अनिल खोबरागड़े, आकाश ठाकुर, विशाल चौहान, सैयदवली आजाद, प्रशांत सिंह, सूरज सरकार, नरेंद्र मेश्राम, दिनू बघेल, पुष्पेन्द्र सिंह ठाकुर, अनामिका विश्वास समेत अन्य पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 800 विद्यार्थी और आश्रम के कर्मचारी उपस्थित थे। इस मौके पर पत्रकारों ने अपने-अपने भाषण में पत्रकारिता के महत्व और इसमें साहसपूर्वक कार्य करने की जरूरत को समझाया। सुनील राठौड़, हेमंत संचेती, अभिषेक बैनर्जी, अनिल खोबरागड़े और विंदेश पात्र ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता के पेशे में आने वाली चुनौतियों और उसे सही तरीके से निभाने के विषय में जानकारी दी।
कलेक्टर विपिन मांझी और अपर कलेक्टर वीरेन्द्र बहादुर पंच भाई ने पत्रकारों को इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की। आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानंद ने अपने अध्यक्षीय भाषण में पत्रकारिता को एक पवित्र कार्य बताते हुए सभी पत्रकारों को सच्चाई के पक्ष में काम करने की सलाह दी।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण और धन्यवाद ज्ञापन आश्रम के प्राचार्य स्वामी कृष्णामृतानंद ने किया। इस आयोजन ने पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत सभी पत्रकारों के समर्पण और कठिनाईयों के बावजूद उनके द्वारा निभाए जा रहे महत्वपूर्ण कर्तव्यों को सम्मानित किया।




