महाविद्यालय में चलाया तंबाकू मुक्त और नशा मुक्ति अभियान

नारायणपुर: छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशानुसार शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत नशा मुक्ति और तंबाकू मुक्त भारत अभियान चलाया गया। इस अभियान का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक श्री भगवान दास चांडक द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त अनियमित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर के प्राचार्य श्री मनोज बागड़े ने नशा मुक्ति पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि नशा से मुक्ति की दिशा में समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है।
प्रो. भगवान दास चांडक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान गांव, टोला, मोहल्ला और परिवारों में नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेगा, जिससे लोग नशे से मुक्त हो सकें और उनके परिवार खुशहाल रहें।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. आर. कुंजाम ने बताया कि महाविद्यालय में नशा मुक्ति को लेकर लगातार कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि धीरे-धीरे पूरे भारत को नशे से मुक्त किया जा सके। अंत में, डॉ. कुंजाम ने सभी छात्रों को सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
इस कार्यक्रम में 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन राजनीति विभाग की प्रभारी प्राध्यापक डॉ. मीनाक्षी ठाकुर ने किया।




