बौद्धिक विकास हेतु आयुर्वेद एवं योग विषय पर परिचर्चा

स्वस्थ दिनचर्या और जीवनशैली पर आयुर्वेद विशेषज्ञ ने दी महत्वपूर्ण जानकारी…
नारायणपुर, 19 नवम्बर 2024: विरांगना रमोतिन माडिया शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय नारायणपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन ग्राम बागडोंगरी में बौद्धिक विकास हेतु आयुर्वेद एवं योग पर एक विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत आयुष विभाग नारायणपुर में पदस्थ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीना खोबरागड़े और योग चिकित्सक यमन साहू द्वारा दीप प्रज्वलन से की गई। इस अवसर पर छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. बीना खोबरागड़े ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जीवनशैली जनित बीमारियों के बारे में जानकारी देते हुए स्वस्थ दिनचर्या, आहार, निद्रा और ब्रह्मचर्य के महत्व को बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास पाए जाने वाले औषधीय पौधों के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी, जो आयुर्वेदिक उपचार में सहायक हो सकते हैं।
इसके बाद, योग चिकित्सक डॉ. यमन साहू ने छात्राओं को शारीरिक और मानसिक विकास में योग के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने अष्टांग योग की सामान्य जानकारी दी और विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया। विद्यार्थियों ने इस अभ्यास में रुचि दिखाई और योग से होने वाले लाभ के बारे में उत्सुकता व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी और बताया कि उन्हें आयुर्वेद के बारे में नई जानकारी मिली और योगाभ्यास में बहुत मजा आया।
यह कार्यक्रम कार्यक्रम अधिकारी निहारिका सोरी के निर्देशन और महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक किशोर कुमार कोठारी के सहयोग से संचालित किया गया। शिविर में कुल 50 स्वयंसेविकाओं ने भाग लिया। मंच संचालन कु. दिव्या देवांगन ने किया।




