बद्रीनाथ बघेल जिला अस्पताल को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक प्रमाण-पत्र

नारायणपुर, 20 नवम्बर 2024: नेशनल हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के नारायणपुर स्थित स्व. बद्रीनाथ बघेल जिला अस्पताल को गुणवत्ता प्रमाण-पत्र के लिए चयनित किया गया है। इसके अतिरिक्त, अस्पताल को लक्ष्य एवं मुस्कान कार्यक्रम के लिए भी गुणवत्ता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है। यह प्रमाण-पत्र अगस्त माह में 22 से 24 तारीख तक आयोजित गुणवत्ता परीक्षण के बाद जारी किया गया।
सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर ने जिला अस्पताल को गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने के लिए बधाई दी है। परीक्षण के दौरान भारत सरकार की विशेषज्ञों की टीम ने अस्पताल की सेवाओं और मरीजों की संतुष्टि का मूल्यांकन किया। इस मूल्यांकन में अस्पताल की उपलब्ध सेवाओं, मरीजों के अधिकारों, क्लिनिकल सर्विसेज, इन्फेक्शन कंट्रोल, गुणवत्ता प्रबंधन जैसे विभिन्न पैरामीटर का परीक्षण किया गया।
इन मानकों पर खरा उतरने वाले अस्पतालों को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाता है। स्व. बद्रीनाथ बघेल जिला अस्पताल को इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय मंत्रालय द्वारा उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण-पत्र, प्रसूति सुविधाओं के लिए लक्ष्य प्रमाण-पत्र और नवजात एवं बाल रोग देखभाल के लिए मुस्कान प्रमाण-पत्र दिया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. विनोद भोयर के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस सफलता को हासिल किया है।




