नारायणपुर

नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई

नारायणपुर, 19 नवम्बर 2024: छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर प्रदेशभर के नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी 19 नवम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। नारायणपुर नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारी भी साप्ताहिक रविवार बाजार स्थल पर अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर हड़ताल में शामिल हो गए हैं। इससे नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है, और विभिन्न वार्डों में जगह-जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है। बस स्टैंड से लेकर सब्जी मंडी और अबूझमाडिया चौक तक कचरे का दृश्य देखने को मिल रहा है।

कर्मचारियों का आरोप है कि भाजपा सरकार ने चुनावी वादे के तहत नगरीय निकाय के प्लेसमेंट कर्मचारियों को ठेका प्रथा से हटाकर अर्द्ध शासकीय कर्मचारी का दर्जा देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के एक साल बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया। इसके परिणामस्वरूप प्रदेशभर में कर्मचारी हड़ताल पर हैं और सफाई व्यवस्था सहित अन्य सेवाओं में रुकावट आ रही है।

Oplus_131072

महासंघ के जिला अध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग है कि कर्मचारियों को लोक निर्माण विभाग, पीएचई विभाग और वन विभाग की तर्ज पर सीधे वेतन भुगतान किया जाए। साथ ही, ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को नियमित किया जाए। शर्मा ने यह भी बताया कि कर्मचारियों को सम्मान राशि के रूप में 4000 रुपये की मांग की जा रही है, जो अन्य विभागों के कर्मचारियों को दी जा रही है, लेकिन नगरीय निकाय के प्लेसमेंट कर्मचारियों को यह राशि नहीं मिल रही है।

Oplus_131072

विकास शर्मा ने कहा कि, “हमने कई बार ज्ञापनों के माध्यम से शासन को अपनी मांगों से अवगत कराया है, लेकिन हमारी आवाज हमेशा अनसुनी की गई है। अब हम 19 नवम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हमारी प्रमुख मांग है कि ठेका प्रथा समाप्त की जाए और कर्मचारियों को 5 से 10 वर्ष की सेवा के बाद नियमित किया जाए। इसके अलावा हम चाहते हैं कि 13 मार्च 2024 को गठित बारिक समिति में महासंघ के पदाधिकारियों को सदस्य के रूप में शामिल किया जाए।”

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया, तो उनका आंदोलन और तेज हो सकता है। फिलहाल, नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा है, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page