नारायणपुर

जिला अस्पताल में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पर सी.एच.ओ का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

नारायणपुर, 25 नवंबर 2024 – जिला अस्पताल में 21 और 22 नवंबर को राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम निमहंस, बेंगलुरु और छत्तीसगढ़ मेंटल हेल्थ के सहयोग से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिक स्तर पर सुदृढ़ करना और ग्रामीण इलाकों में मानसिक रोगों की पहचान कर उनका उचित उपचार सुनिश्चित करना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन संपदा हिंचीनामनी (मास्टर ट्रेनर, निमहंस, बेंगलुरु) ने किया, जिन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मानसिक समस्याओं जैसे नशा, तनाव, घबराहट, अनिद्रा, मिर्गी और अवसाद की प्रारंभिक पहचान और रोगियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के तरीकों पर चर्चा की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को मानसिक रोगों की पहचान और प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित करना था, ताकि वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और समुदायों में मरीजों को प्रारंभिक परामर्श और सहायता प्रदान कर सकें। प्रशिक्षकों ने मानसिक समस्याओं के त्वरित निदान और उपचार के लाभों पर भी जोर दिया, जिससे रोगियों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है।

इसके साथ ही, भारत सरकार द्वारा संचालित टेलीमन्स हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी भी दी गई, जो 24 घंटे निःशुल्क परामर्श और सहायता प्रदान करता है। प्रशिक्षकों ने नशा और तनाव जैसी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को भावनात्मक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करने के महत्व को बताया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कुंवर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजीव बघेल, जिला प्रशिक्षण समन्वयक प्रवीण प्रताप सिंह, मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता छत्रपाल साहू, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट मंजू वर्मा और प्रोग्राम एसोसिएट सोनल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page