छोटेडोंगर में आयोजित होगा जनसमस्या निवारण शिविर
नारायणपुर, 20 नवम्बर 2024: जिले के नागरिकों के शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण और समग्र विकास के लिए प्रशासन तत्पर है। राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, लोक शिकायतों के त्वरित समाधान, विकास कार्यों की स्वीकृति और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न ग्राम पंचायतों और हाट बाजारों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इस कड़ी में, 21 नवम्बर को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन छोटेडोंगर में किया जाएगा। कलेक्टर श्री बिपिन मांझी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को शिविर में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करें और आवश्यक दवाइयां वितरण करें।
शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य विभाग, पशुधन विकास, आयुष, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, अक्षय ऊर्जा, उद्यानिकी और कृषि विभाग के अधिकारी राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी प्रदान करेंगे और उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलवाने के प्रयास करेंगे।




