छोटेडोंगर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में 508 आवेदन प्राप्त

नारायणपुर, 22 नवम्बर 2024 – जिले के सम्माननीय नागरिकों के शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण और समग्र विकास हेतु प्रशासन निरंतर कार्यरत है। राज्य शासन के निर्देशों के तहत लोक शिकायतों के त्वरित निराकरण, विकास कार्यों की स्वीकृति और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनसाधारण तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के ग्राम पंचायतों और हाट बाजारों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं और आवेदनों का समाधान करते हैं।

21 नवम्बर को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत छोटेडोंगर में किया गया। इस शिविर में ग्रामीणों ने भारी संख्या में भाग लिया और विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही योजनाओं का लाभ लिया। शिविर में कुल 508 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 272 आवेदन तुरंत निराकृत किए गए, जबकि 236 आवेदन लंबित हैं, जिनका समाधान शीघ्र किया जाएगा।
शिविर में पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य और आयुष विभाग, कृषि विभाग, खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग, क्रेडा विभाग, श्रम विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन, लोक निर्माण, सहकारिता, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राजस्व विभाग, महिला और बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग, विद्युत विभाग और समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और दवाइयां वितरित कीं। महिला और बाल विकास विभाग ने माताओं और बच्चों के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी दी और शिविर में बच्चों का अन्नप्रासन एवं गर्भवती महिलाओं का गोदभराई समारोह आयोजित किया।
इस शिविर में जिला स्तर के अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामवासी उपस्थित थे, जिन्होंने शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया और भविष्य में उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन प्राप्त किया।




