नारायणपुर

नारायणपुर: होरादी में जन सुविधा एवं सुरक्षा कैम्प की स्थापना, नक्सल मुक्त बस्तर की दिशा में कदम

नारायणपुर। मानसून के बाद नारायणपुर जिले एवं बस्तर का पहला “जन सुविधा एवं सुरक्षा कैम्प” ग्राम होरादी में स्थापित किया गया है। यह कैम्प क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ विकास कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

गौरतलब है कि 30 वर्षों से नक्सलवाद के प्रकोप से बंद पड़ी होरादी-कोण्डागांव सड़क पर यह नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैम्प खोला गया है। इस सड़क पर पब्लिक बस सेवा भी शुरू की जाएगी, जिससे नारायणपुर से ग्राम होरादी तक प्रतिदिन बस चलने लगेगी।

स्थानीय ग्रामीणों में इस कैम्प की स्थापना से नक्सली भय से मुक्ति की आशा जगी है। अब वे नक्सल मुक्त बस्तर के सपने को साकार होते हुए देख रहे हैं। इस कैम्प के माध्यम से सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, चिकित्सा, मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

यह कैम्प होरादी थाना सोनपुर के अन्तर्गत स्थित है और इसकी स्थापना में नारायणपुर डीआरजी, बस्तर फॉइटर एवं बीएसएफ की 133वीं और 135वीं वाहिनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कैम्प की स्थापना के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, एसडीएम वासु जैन भा.प्र.से., अश्वनी नेरवाल 133वीं बीएसएफ एवं उप पुलिस अधीक्षक अरविंद किशोर खलखो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आंगनबाड़ी, नल-जल की सुविधाएं, तथा खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, “नियद नेल्ला नार” योजना के अंतर्गत केन्द्र एवं राज्य सरकार की सभी विकास योजनाओं का ग्राम होरादी में क्रियान्वयन किया जाएगा।

इस प्रकार, नारायणपुर का यह प्रयास न केवल क्षेत्र में सुरक्षा को बढ़ावा देगा, बल्कि विकास की नई संभावनाओं को भी जन्म देगा। ग्रामीणों में उत्साह और सुरक्षा का माहौल बन रहा है, और वे नक्सल मुक्त बस्तर की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ने को तत्पर हैं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page