नारायणपुर: साइबर जन जागरूकता पखवाड़ा अभियान-2024 का आयोजन

नारायणपुर, 15 अक्टूबर 2024: आज, नारायणपुर के शासकीय कन्या विद्यालय और विश्वदिप्ती प्राइवेट विद्यालय में “राज्य व्यापी साइबर जन-जागरूकता पखवाड़ा अभियान-2024” के अंतर्गत साइबर क्राइम पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत देवांगन ने छात्राओं और शिक्षिकाओं को संदिग्ध कॉल, लिंक, अंजान व्हाट्सएप ग्रुप्स और अन्य साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने फर्जी बैंक कॉल, केवाईसी अपडेट करने के झांसे, और लॉटरी के लालच से सावधान रहने की सलाह दी।

कार्यक्रम में छात्रों को साइबर ठगी से संबंधित सवालों के सही जवाब देने पर नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। डॉ. देवांगन ने जानकारी दी कि ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर पीड़ित 24 घंटे के भीतर डॉयल 1930 या साइबर हेल्पलाइन नंबर 9479281934 पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
उप पुलिस अधीक्षक ने साइबर सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि अधिकांश साइबर अपराध सोशल मीडिया प्रोफाइल की सुरक्षा में कमी के कारण होते हैं। उन्होंने जटिल पासवर्ड का उपयोग और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने के उपायों पर भी चर्चा की।
अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को साइबर धोखाधड़ी से बचाना है। यह जागरूकता कार्यक्रम जिले भर में जारी रहेगा।




