जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं, निराकरण का दिया भरोसा

नारायणपुर, 07 अक्टूबर 2024। कलेक्टर बिपिन मांझी ने जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवों से आए लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनकी समस्याओं और मांगों का गंभीरता से सुनकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में उपस्थित लोगों ने महतारी वंदन योजना का लाभ प्रदान करने, बस स्टैण्ड सुलेंगा की समस्याओं का समाधान, अनुकम्पा नियुक्ति, पुराने स्टॉप डेम के जीर्णोद्धार, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, और सामान्य राशन कार्ड को गरीबी रेखा राशन कार्ड में परिवर्तित करने की मांग की।
इसके अलावा, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने मिट्टी मुरूम पुलिया निर्माण, आंगनबाड़ी निर्माण, मोबाईल टावर स्थापना, और उच्च प्राथमिक स्कूल में बाउंड्रीवाल निर्माण की मांगें उठाई। बोरावण्ड गांव के किसानों ने धान खरीदने की समस्याओं और निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने की अपील की।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को जल्द ही राहत मिल सके।
इस जनदर्शन कार्यक्रम ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को सुनने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया है, जिससे प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी कम हो रही है।




