ग्राम कोहकामेटा में सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन

नारायणपुर: 21 अक्टूबर 2024 को ग्राम कोहकामेटा में बीएसएफ 135वीं वाहिनी और जिला पुलिस बल के संयुक्त तत्वाधान में ‘‘सिविक एक्शन’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 300 से अधिक ग्रामीण और 200 से ज्यादा स्कूली बच्चे शामिल हुए।
कार्यक्रम के तहत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर सावित्री पात्र ने ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया और दवाइयाँ वितरित की। इसके अलावा, जरूरतमंद ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की सामग्री जैसे बर्तन, मच्छरदानी, सायकल, बेलचा, गैती और कीटनाशक दवाइयाँ भी दी गईं।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दर्री और ड्रम, स्वास्थ्य कर्मियों को लोहे का पलंग और ट्रायसाइकिल वितरित किए गए। स्कूली बच्चों को जूते, बैग, कापी, पेन और खेल सामग्री जैसे बॉल, फुटबॉल, कैरम बोर्ड और क्रिकेट सेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देना और ग्रामीणों के साथ पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाना था। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और अति. पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया के नेतृत्व में, इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों में सुरक्षा और विकास का माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भविष्य में, क्षेत्र में मोबाइल टॉवर और नए कैम्पों की स्थापना से ग्रामीणों को दूरसंचार सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे वे सरकारी योजनाओं और अन्य जानकारी से लाभान्वित हो सकेंगे।
कार्यक्रम में बीएसएफ 135वीं वाहिनी के कंपनी कमाण्डर लखमा और थाना प्रभारी शिव कुमार साहू भी उपस्थित रहे।




