शिक्षक दिवस पर लता मानिकपुरी को राज्यपाल पुरस्कार

नारायणपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के बालक बुनियादी आदर्श विद्यालय गरांजी की शिक्षिका लता मानिकपुरी को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्तमान में वे व्याख्याता कामर्स के पद पर कार्यरत हैं और छात्रों के समग्र विकास के लिए समर्पित हैं।
लता मानिकपुरी अपनी अनूठी शिक्षण शैली के लिए जानी जाती हैं। वे घरेलू सामानों के माध्यम से पढ़ाई को रोचक और प्रभावी बनाती हैं, साथ ही पोस्टर, चित्र, मॉडल और स्मार्ट क्लास जैसे संसाधनों का उपयोग करती हैं। विद्यार्थियों को विद्यालयीन शिक्षा के साथ व्यावसायिक ज्ञान प्रदान करने के लिए वे प्रत्येक शनिवार और सप्तम कालखंड में विशेष कक्षाएं आयोजित करती हैं।
इसके अतिरिक्त, वे पर्यावरण संरक्षण, बागवानी, योग और जल संरक्षण जैसे समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती हैं और शाला परिसर की सफाई भी सुनिश्चित करती हैं। उनके समर्पण का परिणाम यह है कि उनके पढ़ाए विषयों में छात्रों का परीक्षा परिणाम हमेशा शत-प्रतिशत रहता है।
पदस्थापना के दौरान उन्हें माध्यमिक कक्षाओं में कॉमिक्स ग्राफिक्स के माध्यम से कक्षा संचालित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। समाज में महिलाओं को संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए उन्हें अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भी सम्मानित किया गया है। स्थानीय स्तर पर भी उनके उत्कृष्ट शैक्षिक और सामाजिक कार्यों के लिए उन्हें कई बार पुरस्कृत किया गया है।




